9556 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत 10 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक की सहायता
सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चेक किया गया वितरित रायपुर / श्रम विभाग द्वारा श्रमिक सम्मेलन का आयोजन महात्मा गांधी कला मंदिर सिविक सेंटर भिलाई में किया गया। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 9 हजार 556 श्रमिकों को लगभग 10 करोड़ 42 लाख 7 हजार 343 रुपये की राशि अंतरित की गई। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत संचालित योजनाओं के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए। इनमें मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना और मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना शामिल हैं। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा गया कि छत्तीसगढ़ में श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मजदूर विभिन्न प्रकार के कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में यदि किसी श्रमिक के साथ कोई दुर्घटना हो जाती है तो उसके परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से पूर्व में अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल का गठन किया गया और इसके माध्यम से प्रदेश के मजदूर भाई-बहनों का श्रम विभाग में पंजीयन शुरू कर श्रमिक कार्ड बनाए गए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। महिला श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराई गई, जिससे वे घर बैठे भी रोजगार प्राप्त कर सकें। साथ ही गरीब परिवारों के लिए दो रुपये किलो चावल योजना भी प्रारंभ की गई थी, जिसका लाभ श्रमिक कार्ड धारकों को भी मिलने लगा। इस प्रकार श्रमिकों को राशन कार्ड और श्रम कार्ड के माध्यम से खाद्य सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई। वर्तमान में श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में दिया जा रहा है, जिससे श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता मिल रही है। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी विस्तार से दी गई। इस अवसर पर तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू, श्री भोजराम सिन्हा, श्रीमती तुलसी साहू, श्रीमती ललेश्वरी साहू, पार्षद श्री मनीष कोठारी, पार्षद श्री गुलराम साहू, अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती स्वीटी कौशिक, अध्यक्ष जनपद पंचायत पाटन श्रीमती कीर्ति नायक, श्रम अधिकारी श्री विकास सरोडे, श्रम निरीक्षक श्री बसंत वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे।