होली पर किसानों के खातों में राशि अंतरण से दोगुनी हुई त्योहार की खुशियाँ : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर/ रंगों, उल्लास और भाईचारे के पावन पर्व होली के अवसर पर राजधानी के निकट स्थित बिरगांव नगर निगम में आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उत्सव के इस रंगीन माहौल में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष होली का उल्लास और भी अधिक है, क्योंकि राज्य सरकार द्वारा अन्नदाता किसानों के खातों में धान उपार्जन के अंतर की राशि अंतरित की गई है। इससे किसानों के परिवारों में खुशियों का वातावरण बना है और त्यौहार की रौनक कई गुना बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनकी समृद्धि ही राज्य की समृद्धि का वास्तविक आधार है। जब किसान खुशहाल होता है, तब गांवों में खुशहाली आती है और वही खुशहाली पूरे प्रदेश के विकास की राह को प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द, सामाजिक समरसता और मानवीय रिश्तों की मधुरता का प्रतीक है। यह पर्व समाज को एकता के सूत्र में बांधने का संदेश देता है और लोगों को आपसी भेदभाव भुलाकर साथ आने का अवसर प्रदान करता है। रंगों की यह परंपरा हमारे समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारा और सद्भाव का वातावरण निर्मित करती है।
उन्होंने कहा कि देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप प्रदेश में नक्सलवाद अब समाप्ति की दिशा में अग्रसर है और विशेष रूप से बस्तर अंचल में शांति, विकास और विश्वास का नया अध्याय प्रारंभ हो रहा है। राज्य सरकार पूरे प्रदेश में शांति, विकास और खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक मंडली द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक फाग गीतों ने पूरे वातावरण को रंग और रस से सराबोर कर दिया। लोक संस्कृति की मधुर धुनों और रंग-बिरंगे उत्साह के बीच मुख्यमंत्री ने भी पिचकारी चलाकर उपस्थित लोगों के साथ होली की खुशियाँ साझा कीं। विधायक अनुज शर्मा की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने भी समारोह में विशेष आकर्षण का वातावरण बनाया और उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक उसका आनंद लिया।
इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू , विधायक पूरनदार मिश्रा , योगेश साहू , निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष लोकेशन कवढ़िए , सीआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल , छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम , उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला , छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शांशक शर्मा , पूर्व विधायक एवं आरडीए अध्यक्ष नंद साहू , छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्ज़ा एजाज़ बेग , रमेश ठाकुर , भागीरथी यादव , मनोज जोशी सहित बिरगांव नगर निगम के पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
होली मिलन समारोह का यह अवसर केवल उत्सव का नहीं, बल्कि समाज में एकता, विश्वास और सांस्कृतिक समृद्धि के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रतीक बन गया, जहाँ रंगों के साथ-साथ रिश्तों की मिठास और सामाजिक सौहार्द भी पूरे उल्लास के साथ झलकता दिखाई दिया।