सेवा भाव के साथ आयोजित प्राकृतिक चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर जनसेवा की मिसाल, जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला ख़ान

देपालपुर (इंदौर) – श्री जैन श्वेताम्बर मालवा महासंघ इंदौर के तत्वावधान में शांति विहार कॉलोनी जैन सदन देपालपुर में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से आयोजित स्वास्थ्य शिविर मानव सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया। यह शिविर केवल उपचार का माध्यम नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील सोच और जनकल्याण की सशक्त पहल का प्रतीक सिद्ध हुआ है। उक्त विचार तहसील विधिक सेवा समिति देपालपुर के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश श्री हिदायत उल्ला ख़ान ने शिविर के आयोजकों का उत्साह वर्धन करते हुए व्यक्त किए।
अपने सारगर्भित एवं प्रेरक उद्बोधन में श्री ख़ान ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव होता है। जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरल और सहज उपचार पहुँचता है, तभी न्याय और सेवा की वास्तविक भावना साकार होती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर न केवल रोगों से राहत प्रदान करते हैं, बल्कि आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाकर जीवन की गुणवत्ता सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला न्यायाधीश श्री खान ने शिविर के आयोजकों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक रोगों का उपचार प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से बहुत ही सहजता से हो जाता है और इस प्रकार के प्रयास समाज के अन्य संगठनों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएँ, समय रहते स्वास्थ्य परीक्षण कराएँ और स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार के प्रति भी जिम्मेदार बनें।
इस अवसर पर सराफा एसोसिएशन देपालपुर के अध्यक्ष श्री नेम कुमार जैन के सहयोग को भी विशेष रूप से सराहा गया। श्री ख़ान ने कहा कि “जब व्यापारिक एवं सामाजिक संस्थाएँ जनहित के कार्यों से जुड़ती हैं, तब समाज को सकारात्मक दिशा और नई ऊर्जा प्राप्त होती है। कार्यक्रम के दौरान जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने तहसील विधिक सेवा समिति की ओर से श्री जैन श्वेतांबर महासंघ को सेवा सम्मान भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन संस्था के जिला संयोजक योगेश जैन एवं जिला संरक्षक रवीन्द्र कांतिलाल जैन ने मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश श्री खान एवं संस्था के सभी सहयोगी साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी भावना के साथ जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। उक्त अवसर पर एडवोकेट अभिषेक विक्रम जैन,अफजल फारुक़ी, जितेंद्र काशी सहित महासंघ के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया, जिससे आयोजन को व्यापक जनसमर्थन और उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।