February 2, 2026

क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए 50 वर्षों की दूरदर्शी योजना पर काम स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

0
IMG-20260119-WA0033

एमसीबी। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नववर्ष मिलन समारोह एवं पत्रकार संवाद कार्यक्रम में कहा कि क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास के लिए 50 वर्षों की दूरदर्शी रूपरेखा पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बीते दो वर्षों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिला अस्पतालों में कार्यों की गति बढ़ी है और गुणवत्ता सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 10 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है, वहीं फिजियोथेरेपी सेवाओं और मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों की क्षमता में भी विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि मनेंद्रगढ़ में लंबे समय से लंबित मेडिकल कॉलेज की मांग अब पूरी की जा रही है। मेडिकल कॉलेज परिसर में नर्सिंग कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जबकि चिरमिरी में नर्सिंग संस्थान को आईआईटी पैटर्न पर विकसित किया जाएगा। पॉलिटेक्निक कॉलेज का संचालन प्रारंभ हो चुका है।
रेल एवं सड़क कनेक्टिविटी पर मंत्री ने जानकारी दी कि रेलवे परियोजनाओं के लिए स्वीकृत राशि 241 करोड़ से बढ़ाकर 500 करोड़ रुपये से अधिक कर दी गई है। चिरमिरी–बिलासपुर रेल मार्ग को रायपुर तक विस्तार देने के प्रयास जारी हैं। सड़क अधोसंरचना के अंतर्गत 350 करोड़ रुपये की लागत से 100 से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हसदेव नदी पर प्रदेश का सबसे ऊंचा मेरो–उधनापुर पुल, पाराडोल पुल तथा खड़गवां को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण चल रहा है।
जल संसाधन विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि चिरमिरी में 185 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना की प्रक्रिया जारी है। केवई नदी परियोजना के तहत प्रस्तावित बांध से लगभग 6,000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
कोयला खदानों पर उठे सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और नियमों के अनुरूप जहां संभव होगा, वहां खदानें संचालित की जाएंगी। अंजन हिल माइंस को 12–15 वर्षों बाद पुनः प्रारंभ किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल चिरमिरी में शीघ्र ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की डायलिसिस सेवा शुरू की जाएगी तथा मेडिकल कॉलेज में एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अंत में मंत्री ने कहा कि विकास के लिए सभी वर्गों के सुझावों का स्वागत है और पत्रकारों की सकारात्मक भूमिका से क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। मई के प्रथम सप्ताह में पत्रकारों के साथ पुनः संवाद बैठक आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed