दिल्ली हिंसा: दंगाइयों से नुकसान वसूलने की तैयारी, अब तक 179 अरेस्ट

0

नई दिल्ली       
दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले दंगाइयों से पुलिस जुर्माना वसूल करने की तैयारी कर रही है। जुर्माना नहीं देने पर उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। पुलिस ने इसके लिए उच्च न्यायालय से एक क्लेम कमिश्नर नियुक्ति करने की गुजारिश भी की है।

हिंसा के दौरान दर्जनों वाहनों, घरों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया था। सरकारी और निजी संपत्तियों को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया था। पुलिस तकनीकी समिति, तस्वीर, ड्रोन कैमरों से मिले ब्योरे व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान के आधार पर वसूली शुरू करेगी।
 

तकनीकी समिति करेगी आकलन: एसआईटी और स्थानीय पुलिस को नगर निगम अधिकारियों के साथ मिलकर नुकसान का ब्योरा जुटाने को कहा गया है।जांच रिपोर्ट तकनीकी समिति के सामने रखी जाएगी जो नुकसान का आकलन करेगी। इसके बाद क्लेम कमिश्नर के निर्देश पर वसूली शुरू होगी।

अब तक 179 गिरफ्तार: शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब दो सौ से ज्यादा सरकारी व निजी संपत्तियों को आगजनी और तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया होगा। माना जा रहा है कि इसमें करोड़ों की संपत्ति नष्ट हुई है। जलाए गए वाहनों की संख्या अलग है। पुलिस ने अब तक 179 लोगों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली में हिंसा: सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो डालने वालों को अब तीन साल तक की सजा हो सकती है। सरकार ऐसे वीडियो डालने वालों की शिकायत के लिए जल्द व्हाट्सएप नंबर जारी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *