टोकन बंटने के बाद भी धान खरीद नहीं, भाजपा का वॉकआउट

0

रायपुर
धान खरीदी बंद होने के विरोध में भाजपा सदस्यों ने बुधवार को विधानसभा में फिर हंगामा खड़ा किया। उन्होंने इस पूरे मामले पर चर्चा की मांग की। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी इसका प्रतिवाद किया। आसंदी ने चर्चा की मांग अस्वीकार कर दी। शोर-शराबा और हंगामे के कारण सदन की कार्रवाई 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। दोबारा कार्रवाई शुरू होने पर विपक्ष चर्चा पर जोर देने लगे।  आसंदी के इंकार के बाद भाजपा सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। प्रश्नकाल के तुरंत बाद भाजपा सदस्यों ने यह मामला उठाया।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कवर्धा में पिछले 7 दिनों से किसानों का धरना चल रहा है। उनसे चर्चा के लिए कोई अधिकारी नहीं जा रहे हैं। किसान आत्महत्या के लिए अनुमति मांग रहे हैं। प्रदेश के लाखों किसानों का धान नहीं खरीदा गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को टोकन जारी किया गया था, लेकिन उनका भी धान नहीं खरीदा जा रहा है। भाजपा सदस्य नारायण चंदेल और बृजमोहन अग्रवाल ने भी टोकन देने के बावजूद धान नहीं खरीदने पर सरकार से चर्चा की मांग की। सत्ता पक्ष के सदस्य खड़े हो गए और उन्होंने घडिय़ाली आंसू बहाने का आरोप लगाया। भाजपा सदस्यों ने धान खरीदी में अव्यवस्था पर तुरंत चर्चा की मांग की। आसंदी पर बैठे पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि इस मसले पर एक बार चर्चा हो चुकी है। दोबारा चर्चा नहीं कराई जा सकती है।

विपक्षी सदस्य इससे संतुष्ठ नहीं हुए। सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *