September 29, 2024

जीवन को सफल बनाने के लिए सहजता, सरलता, विनम्रता और धैर्यता का गुण जरूरी: सुश्री अनुसुईया उइके

0

संत, महात्माओं तथा ऋषि-मुनियों के प्रभाव के कारण छत्तीसगढ़ शांति का टापू: श्री भूपेश बघेल

सर्व मंगल आध्यात्मिक महाकुम्भ में शामिल हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री

रायपुर, 20 दिसम्बर 2019/ राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर स्थित इंडोर स्टेडियम में प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘सर्व मंगल आध्यात्मिक महाकुम्भ‘ में सम्मिलित हुये। राज्यपाल सुश्री ऊइके ने ब्रम्हाकुमारी की शिक्षा का उल्लेख करते हुए जीवन को सफल बनाने के लिए हर व्यक्ति को सहजता, सरलता, नम्रता और धैर्यता की गुणों को धारण करना जरूरी बताया।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि सदियों से छत्तीसगढ़ में संत कबीर, बाबा गुरू घासीदास, महाप्रभु वल्लभाचार्य तथा स्वामी विवेकानंद जैसे महान मनीषियों के चरण पड़े हैं। इनके प्रभाव के कारण लोगों ने यहां शांति, सद्भावना, समरसता और भाईचारे के संदेश को गहराई से आत्मसात् किया है। आज छत्तीसगढ़ की पहचान शांति के टापू के रूप में होती है। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी विश्वविद्यालय के राजयोगिनी ब्रम्हाकुमारी जानकी दादी ने आध्यात्मिक और नैतिक विषयों पर व्याख्यान दिया।

राज्यपाल सुश्री उइके ने इस अवसर पर कहा कि सर्व मंगल आध्यात्मिक महाकुम्भ में शामिल होते हुए मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है। आज के व्यस्ततम समय में बढ़ते तनाव एवं निराशा ने हर वर्ग के लोगों को अत्यधिक प्रभावित किया है। ऐसे समय में उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाने में आध्यात्मिक ज्ञान अमृत के समान है। आध्यात्मिकता न केवल उन्हें नकारात्मक विचारों से दूर रखेगी, बल्कि उनमें सकारात्मकता का संचार भी करेगी। वर्तमान समय में मनुष्य को शारीरिक एवं मानसिक रूप से भी सशक्त होना जरूरी है, तभी वह स्वयं का और समाज एवं देश के विकास में बेहतर भूमिका का निर्वहन कर सकेगा।

राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि भावी पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हमें बच्चों और युवाओं में नैतिक मूल्यों को रोपित करना चाहिए। साथ ही उन्हें सही संस्कार एवं मार्गदर्शन देकर उनकी प्रतिभा का सही विकास करना चाहिए। हर मनुष्य के लिए सबसे पहले जीवन में विकास के साथ शांति प्राप्त करना लक्ष्य होना चाहिए। ईश्वर की सेवा, सद्कार्य, परमार्थ एवं आत्मा की अनुभूति से ही मन को शांति मिल सकती है। जीवन में विनम्रता, प्रेम, खुशी, दूसरों के प्रति करूणा एवं लोक कल्याण की भावना को बनाए रखें।

राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि आध्यात्मिकता वह महान शक्ति है, जिसमें श्रद्धा और विश्वास की अहम् भूमिका होती है, जो व्यक्ति को महान एवं समाज को समर्थ बनाने की क्षमता रखता है। आज की पीढ़ी, अपने मूल आदर्शों एवं बुनियादी सिद्धांतों को भूलती जा रही है तथा हिंसा की ओर अग्रसर है। हमें अपनी युवा पीढ़ी में, भारतीय संस्कृति के मूल्यों एवं उच्च आदर्शों को रोपित करने की आवश्यकता है। मेरा मानना है कि महिलाओं में इतनी शक्ति है कि वे पूरी पीढ़ी में एक सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं। जरूरत इस बात की है कि वे अपनी शक्ति पहचाने और अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, ताकि वे अच्छे नागरिक बनकर देश की सेवा कर सकें।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने सर्व मंगल आध्यात्मिक महाकुंभ में सम्मिलित होने पर अपनी प्रसन्नता जतायी और कहा कि ब्रम्हाकुमारी जानकी दादी द्वारा 104 वर्ष की इस लंबी उम्र में भी विनम्रता और मधुरता के साथ लोगों को सुखी एवं शांतिमय जीवन के लिए उनके द्वारा दी जा रही प्रेरणा प्रशंसनीय है। ब्रम्हाकुमारी संस्था का भी प्रभाव छत्तीसगढ़ के कोने-कोने तक समाहित है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में सर्व मंगल आध्यात्मिक महाकुंभ के आयोजन के लिए प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी संस्था को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा नृत्य-नाटिका की सुंदर प्रस्तुति दी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्त और श्रद्धालुजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *