September 30, 2024

रायपुर जिले में 9 लाख 94 हजार मतदाता 189 वार्डों के लिए चुनेंगे पार्षद

0

रायपुर
छत्तीसगढ़ नगर पालिका निर्वाचन-2019 के तहत नगर पालिक निगम रायपुर के 70 वार्डों सहित जिले के नगर पालिका परिषद आरंग के 15 वार्ड, गोबरा-नवापारा के 21 वार्ड, तिल्दा-नेवरा के 22 वार्ड तथा नगर पंचायत अभनपुर, कूंरा, खरोरा और माना कैम्प के 15-15 वार्डों के लिए तथा नगर निगम बीरगांव के उप चुनाव में एक वार्ड इस तरह कुल 189 पार्षद पदों के निर्वाचन के लिए 21 दिसम्बर शनिवार को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने बताया कि यह मतदान मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से होगा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की पहचान करने के लिए 18 प्रकार के दस्तावेजों को मान्य किया है।

उल्लेखनीय है कि रायपुर जिले में इन चुनाव के अन्तर्गत 1102 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें 1040 मूल मतदान केन्द्र है और 62 सहायक मतदान केन्द्र हैं। जिले में कुल 9 लाख 94 हजार 6 सौ 31 मतदाता है। रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के 70 वार्डों में कुल मतदाताओं की संख्या 8 लाख 96 हजार 696 मतदाता है। जिनमें 4 लाख 57 हजार 417 पुरूष व 4 लाख 39 हजार 37 महिला तथा 242 थर्ड जेंडर मतदाता है।

नगर पालिक निगम रायपुर के पार्षद चुनाव में ब्राह्मणपारा वार्ड क्रमांक 44 में महिला मतदाता की संख्या पुरुष मतदाताओं से भी अधिक है। यहां महिला मतदाताओं की संख्या 6854 है और पुरुषों मतदाताओं की संख्या 6483 है। इस तरह ब्राह्मणपारा वार्ड में पुरुषों के मुकाबले 371 महिला मतदाता ज्यादा है। नगर पालिक निगम रायपुर में सर्वाधिक मतदाता वार्ड क्रमांक 7 कुशाभाउ ठाकरे वार्ड में हैं। यहां कुल 17 हजार 783 मतदाता हैं। जिसमें 9 हजार 97 पुरूष एवं 8 हजार 686 महिला मतदाता है। सबसे कम मतदाता वार्ड क्रमांक 33 शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड में हैं यहां कुल 7 हजार 385 मतदाता है। जिसमें 3 हजार 659 पुरूष एवं 3 हजार 726 महिला मतदाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *