भाजपा की मोर्चा-प्रकाष्ठोें की पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न सदस्यता की संकल्प के साथ हर घर जोड़े नये सदस्य: उसेंडी

0


रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने पार्टी के मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान को पूर्ण सफल करने का आह्वान करते हर घर जोड़े नये सदस्य का लक्ष्य दिया है। श्री उसेंडी ने कहा कि विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के बीच का समय हमारे लिए चुनौतीपूर्ण रहा है और लोकसभा चुनाव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ के बल पर पार्टी में नए उत्साह का संचार किया है। पार्टी के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को इसी उत्साह के साथ सदस्यता अभियान को संपादित करना है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री उसेंडी ने पार्टी कार्यालय एकात्म परिसर में पार्टी के मोर्चा-प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान हमारे लिए अपनी विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने और उन्हें अपनी पार्टी से जोड़ने का सुनहरा अवसर है। इससे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाने और उनसे सम्पर्क का पार्टी को लाभ मिलेगा। श्री उसेंडी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएं और प्रदेश सरकार के महज सात माह के कार्यकाल की विफलताओं, छलावों और राजनीतिक पाखंड के बारे में बताएं। इस दृष्टि से भी सदस्यता अभियान हमारे लिए एक अच्छा अवसर है। इस अभियान में सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी कार्यकर्ता सदस्यता के अपने लक्ष्य के लिए प्राण-प्रण से जुट जाएं।
बैठक को संबोधित करते हुए मोर्चा-प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी रामप्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक ढांचे के मजबूत आधार की दृष्टि से सदस्यता अभियान को बेहद महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने संगठनात्मक कार्य के पुराने अनुभवों को साझा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूर्ण करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय ने मोर्चा-प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों व सदस्यता प्रभारियों से प्रदेश व जिलावार पृथक-पृथक जानकारी ली और सदस्यता अभियान के संबंध में महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री साय ने सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से सदस्यता अभियान को समय सीमा में पूर्ण सफल करने का आह्वान किया।
प्रदेश के पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने सदस्यता अभियान के मद्देनजर पार्टी के साथ ही मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रमुख पदाधिकारियों के प्रवास पर जोर दिया और कहा कि इसके लिए सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों को कार्य योजना बनाकर काम करना होगा। श्री मूणत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और इसलिए प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन में पार्टी कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ व पराक्रम की अनदेखी नहीं की जा सकती। छत्तीसगढ़ की मौजूदा कांग्रेस सरकार की नाकामियों का जिक्र करते हुए श्री मूणत ने कहा कि विधानसभा चुनाव में करारी पराजय के बावजूद कार्यकर्ताओं के त्याग, तप व परिश्रम के बल पर ही पांच माह के भीतर लोकसभा चुनाव में जनादेश पलटा और भाजपा ने 66 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल कर प्रदेश की नौ लोकसभा सीटों पर अपनी विजय पताका फहराई। पूर्व मंत्री श्री मूणत ने अब संगठन महापर्व-सदस्यता अभियान के मद्देनजर सभी क्षेत्रों में जाकर सघन सम्पर्क पर बल दिया और कहा कि भाजपा ने अपने 15 वर्षों के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को वैभवपूर्ण राज्य बनाने का कार्य किया और इसलिए कार्यकर्ताओं को गर्व के साथ लोगों के बीच अभियान चलाकर सदस्यता के लक्ष्य को अर्जित करना है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए लोगों के बीच जाकर अपनी उपलब्धियां बताने का एक और अवसर है और इसका लाभ उठाया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि संगठन महापर्व सदस्यता अभियान के सिलसिले में शुक्रवार को यहां प्रदेशभर के मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी व सदस्यता प्रभारियों की बैठक रखी गई थी। दीप प्रज्जवलन व पूजन के साथ शुरू हुई बैठक में सर्वप्रथम प्रदेश भाजपा मंत्री व प्रदेश सदस्यता सह-प्रभारी किरण देव ने प्रास्तावित भाषण दिया। श्री देव ने सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए 20 प्रतिशत सदस्यता वृध्दि का लक्ष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता परस्पर समन्वय बनाकर कार्य करेंगे तो लक्ष्य प्राप्ति में कोई बाधा नहीं होगी।
श्री सवन्नी ने संगठन महापर्व सदस्यता अभियान की महत्ता बताते हुए आग्रह किया कि मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों कार्य-योजना तय कर शिविर लगाकर सदस्यता अभियान को सफल बनाएं। श्री सवन्नी ने समाज जीवन के सभी वर्गों में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए काम करने पर जोर दिया, जिससे प्रदेश मे पार्टी के पक्ष में अच्छा वातावरण बनेगा। अभियान की सफलता के लिए उनहोंने उपस्थित पदाधिकारियों व सदस्यता प्रभारियों का महत्वपूर्ण बिन्दुओं के मद्देनजर मार्गदर्शन किया और कहा कि पार्टी के सदस्यता अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर वातावरण बनाने का काम भी हो।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री व पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय ने किया।
बैठक में महिला मोर्चा, भारतीय जनता युवा मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, किसान मोर्चा, अजा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा व अजजा मोर्चा सहित सभी 11 प्रकाष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला संयोजक, सह संयोजक, महामंत्री सदस्यता प्रभारी व सहप्रभारी उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *