मालदीव के समुद्री इलाके में चीनी नौसेना का शक्ति प्रदर्शन

0

नई दिल्ली: मालदीव में चल रहे घरेलू राजनीतिक उथलपुथल के बीच चीनी नौसेना के 11 अग्रणी युद्धपोतों के पूर्वी हिंद महासागर के इलाके में घुसने की रिपोर्टें हैं जिनकी जानकरी खुद चीन की एक समाचार वेबसाइट ने दी है।

चीनी नौसेना द्वारा अपने नौसैनिक युद्धपोतों के काफिले को मालदीव के समुद्री इलाके में भेजने की रिपोर्टें तब आई हैं जब मालदीव में आपातकाल को एक महीने के लिए बढ़ाने की सिफारिश संसद की एक समिति ने की है।

अब्दुल्ला यामीन सरकार द्वारा एक महीने के लिए आपातकाल बढ़ाने के प्रस्ताव को संज्ञान में लेते हुए भारत ने कहा है कि मालदीव आपातकाल को नहीं बढ़ाए और जनतंत्र को बहाल करे।

यहां राजनयिक सूत्रों का कहना है कि चीनी नौसेना ने अपने इन युद्धपोतों को 15 दिनों पहले आपातकाल लगाने के तुरंत बाद तब रवाना किया था जब वहां भारत के सैन्य हस्तक्षेप की शंका जाहिर की जा रही थी और चीन ने भारत को ऐसा न करने की चेतावनी दी थी।

यहां राजनयिक प्रेक्षकों के मुताबिक चीनी नौसेना द्वारा अपने बड़े युद्धपोतों के इतने बड़े काफिले को भेजने से हिंद महासागर में भारत के साथ नए सिरे से तनाव विकसित हो सकता है।

सूत्रों का कहना है कि चीनी नौसेना के युद्धपोतों पर भारतीय नौसेना ने कड़ी निगाह रखी हुई है। सूत्रों के मुताबिक चीन हिंद महासागर में शक्ति प्रदर्शन कर रहा है ताकि भारत मालदीव में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *