मुख्यमंत्री ने किया श्री हरिराम सुल्तानिया कन्या विवाह भवन का लोकार्पण

0

मुख्यमंत्री ने भवन हेतु डोम निर्माण के लिए 20 लाख रूपए देने की घोषणा की

रायपुर: मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रायगढ़ जिले के खरसिया में श्री हरिराम सुल्तानिया कन्या विवाह भवन का लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण श्री अग्रसेन जनकल्याण ट्रस्ट द्वारा ढाई करोड़ रूपए की लागत से किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इस जनहितैषी कार्य के लिए संस्था के सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल श्री अग्रसेन जनकल्याण ट्रस्ट के आजीवन ट्रस्टी रहे और समाज की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहे। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कन्या विवाह भवन के डोम निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अमर अग्रवाल भी 20 लाख रुपए देंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल का स्मरण करते हुए कहा कि वे दूरदृष्टा थे। उन्होंने तात्कालीन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विकास में राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान दिया। स्व.श्री लखीराम अग्रवाल के मन में एक दृष्टि एवं सोच छत्तीसगढ़ को लेकर थी और इसी के अनुरूप उन्होंने आजीवन कार्य किया। डॉ. सिंह ने इस अवसर पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के सपने को साकार करने में 14 वर्षो की यात्रा पूरी की है।

यह यात्रा राजनैतिक, वैचारिक एवं सामाजिक परिवर्तनों की गवाह है। इन 14 वर्षो में छत्तीसगढ़ के विकास और आम आदमी के कल्याण के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं। हमारा प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) ने पूरे देश में अगल पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सस्ता खाद्यान्न दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं गुजरात के मंत्रियों ने छत्तीसगढ़ के विकास की सराहना की है और छत्तीसगढ़ के समान ही अपने प्रदेशों में पीडीएस व्यवस्था लागू करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, ऊर्जा, एयर और टेलीफोन कनेक्टिविटी के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।

नगरीय प्रशासन, उद्योग एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि सामाजिक दायित्व के तहत सभी के सहयोग से खरसिया में इतना सुन्दर भवन बना है। इसके लिए सभी धन्यवाद के पात्र है। उन्होंने गौशाला के संबंध में कहा कि खरसिया में परिपाटी के तहत समाज के द्वारा गौशाला चलाए जा रहे हैं। इसके लिए सभी समाज सेवी संगठन आगे आयें, तभी हम गौ संवर्धन का कार्य अच्छे से कर पायेंगे।

इस अवसर पर श्री गिरधर गुप्ता एवं श्री अग्रसेन जनकल्याण ट्रस्ट खरसिया के अध्यक्ष श्री बजरंग अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने भवन निर्माण में योगदान देने वाले दानदाताओं का भी सम्मान किया। इस अवसर पर विधायक श्री रोशन लाल अग्रवाल, श्रीमती केराबाई मनहर, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री अजेश पुरूषोत्तम अग्रवाल, खरसिया नगर पालिका के अध्यक्ष श्री कमल गर्ग एवं अन्य जप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य श्री राजेश डेनियल ने किया एवं आभार प्रदर्शन श्री अग्रसेन जनकल्याण ट्रस्ट के सचिव श्री पवन अग्रवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *