विजय गोखले आज संभालेंगे विदेश सचिव का पद्भार

0

नई दिल्ली : अनुभवी राजनयिक विजय केशव गोखले सोमवार को नए विदेश सचिव का पद्भार संभालेंगे। वह एस जयशंकर की जगह लेंगे। विजय गोखले ने चीन के साथ 73 दिन तक चले दोकलम गतिरोध को हल करने में अहम भूमिका निभाई थी। 1981 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी गोखले इस समय विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं।

गोखले को चीन विशेषज्ञ माना जाता है। वह 20 जनवरी, 2016 से 21 अक्तूबर, 2017 तक चीन में भारत के राजदूत रहे हैं। विदेश सचिव के तौर पर उनका कार्यकाल दो साल का होगा। वह अक्तूबर, 2013 से जनवरी 2016 तक जर्मनी में भारत के शीर्ष राजनयिक भी रहे हैं।

उन्होंने हांगकांग, हनोई और न्यूयॉर्क में भी भारतीय मिशनों में सेवाएं दी हैं। जनवरी, 2015 से विदेश सचिव का जिम्मा संभाल रहे 1977 बैच के आईएफएस एस जयशंकर को सरकार ने गत वर्ष जनवरी में एक साल का सेवा विस्तार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *